*बिष्णुगढ़ :* बिष्णुगढ़ प्रखंड के गुरुग्राम पब्लिक स्कूल में रविवार को समारोह आयोजित कर मदर्स डे मनाया गया। समारोह का उद्घाटन विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों के माता अभिभावकों तथा अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से केक काटकर किया गया। समारोह में बच्चों के द्वारा मां पर आधारित कविता गाना तथा नाटक की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमार ने कहा कि मां त्याग और ममता की मूर्ति होती है। मां बच्चों से धन दौलत नहीं चाहती, वह चाहती हैं कि बच्चे अच्छे करें और उनकी बातों को सुने और समय दें। सभी माताएं अपने बच्चों को सफल देखना चाहती हैं। विधायक प्रतिनिधि गुरु प्रसाद साव ने कहा कि भारत में पृथ्वी, गंगा और गाय को माता का स्वरूप दिया गया है। माता ममतामयी और कल्याण करने वाली होती है। वे अपनी इच्छाओं को दफन करते हुए बच्चों के विकास में लगी रहती है। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अंजू देवी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से माताओं को सम्मान देना विद्यालय के द्वारा एक अच्छी पहल है। भेलवारा पंचायत के मुखिया लक्ष्मी कुमारी ने कहा कि युवाओं को अपने माता पिता सास ससुर की सेवा धार्मिक कार्य समझ कर करनी चाहिए। शिक्षिका हेमा कुमारी ने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन भारतीय संस्कृति का बढ़ावा है। इस प्रकार के आयोजन हर जगह करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में जहां एक ओर अतिथियों के द्वारा विद्यालय टॉपर विनीत कुमार, संजय कुमार तथा हरीश कुमार को मेडल मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं दूसरी ओर राजेश कुमार को मेहनती और बेहतर शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शालिनी सुमन तथा प्रियंका कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि गुरु प्रसाद साव, प्राचार्य सुभाष कुमार, मुखिया लक्ष्मी कुमारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष अंजू देवी, शिक्षिका हेमा कुमारी, मीनाक्षी कुमारी स्वाति प्रिया, ज्योति कुमारी, उषा कुमारी, ममता कुमारी, बबीता कुमारी, पंकज कुमार, रीतलाल कुमार, राजेश रंजन, रंजीत मिश्रा, बासुदेव महतो, राजकुमार साव, संगीता कुमारी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।