*बिष्णुगढ़:* बिष्णुगढ़ प्रखंड मुख्यालय सभागार में जल संरक्षण एवं प्रबंधन को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की शुरुआत सेवा निर्मित आईपीएस अधिकारी जल गुरु महेंद्र मोदी को बुके से सम्मानित कर किया गया। कार्यशाला का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कौंगाड़ी ने किया। कार्यशाला के दौरान जल गुरु महेंद्र मोदी ने बारिश का पानी संरक्षित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्षा की हर बूंद को हमें सुरक्षित करने की जरूरत है। वर्षा के पानी को रोकने से तालाब हैंड पंप और कुआं का जलस्तर ऊपर आएगा। उन्होंने कहा कि कम पैसे में श्रमदान कर हम वर्षा के पानी को रोक सकते हैं केवल संकल्पित भाव से काम करने की आवश्यकता है। इसके बाद बिष्णुगढ़ अखाड़ा चौक में स्थित बिष्णुगढ़ विकास ट्रस्ट के द्वारा आयोजित एंबीशन पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने स्लाइड के माध्यम से अपनी मॉडल को लोगों के बीच प्रस्तुत कर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हम धरती माता से केवल पानी ले रहे हैं परंतु हम धरती माता को पानी दे नहीं रहे हैं।
इसलिए हमें वर्षा के पानी को रोककर धरती माता को पानी देना है और धरती को हरा भरा बनाना है। हम इससे बेहतर खेती कर सकते हैं। खेती करने से धरती हरी-भरी तो होती हैं हम स्वस्थ भी होते हैं। खेती को हमें रोजगार के अवसर के रूप में भी बनाना होगा। वर्तमान समय में पूरा देश पानी के संकट से जूझ रहा है। कार्यक्रम से पूर्व चलंगा स्थित सूखे कुएं और और पानी के अभाव में असिंचित भूमि को सिंचित करने के लिए वहां के किसानों को प्रेरित किया। विश्व में कई ऐसे देश और भारत में कई ऐसे प्रदेश हैं जहां कृषि के बल पर गरीबी हटाई गई है। मेरा घर चंदवारा है और मैं अपना माटी का कर्ज जल संरक्षण के रूप में चुकाना चाहता हूं। मैं अपने क्षेत्र में जल संरक्षण के प्रति जल क्रांति लाना चाहता हूं
कार्यक्रम के अंत में लोगों को जल संरक्षण करने का संकल्प शपथ के माध्यम से दिलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रमुख जैबुन निशा, पंचायत समिति सदस्य अजय मंडल, मुखिया निर्मल कुमार, लक्ष्मी कुमारी विधायक प्रतिनिधि गुरु प्रसाद साव, सेवानिवृत्त अधिकारी भोला बरनवाल, एंबीशन स्कूल के प्राचार्य विवेक कुमार, ट्रस्ट के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह, आनंद राम, पूरन साव नवल बर्मा, बेलाल अंसारी, मिथिलेश बर्मन, विनय पाठक, अहमद हुसैन इत्यादि लोग उपस्थित थे।