विष्णुगढ़ से 30 किमी पदयात्रा कर दुधमटिया वन महोत्सव में शामिल हुए दर्जनों पर्यावरणप्रेमी

0
81

विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड के चानो पंचायत अंतर्गत दोबटिया वन से टाटीझरिया के दुधमटिया वन तक करीब 30 किमी लंबी पदयात्रा कर दर्जनों पर्यावरण प्रेमी वन महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। पदयात्रियों में पत्रकार मिथिलेश कुमार बर्मन, सुरेश राम माही पटेल रवि कुमार रविदास दशरथ मुर्मू राजेश टुडू, डूमरचंद महतो, गंगाधर महतो समेत कई लोग शामिल थे। झंडा-बैनर के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करते हुए पहुंचे पर्यावरण प्रेमियों ने कहा की पदयात्रा के माध्यम से पर्यावरण संवर्धन हेतु अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने के अलावा आसपास आने-जाने में पैदल अथवा साइकिल का इस्तेमाल करने को प्रोत्साहित करना है। जिससे वायुमंडल में कार्बन का उत्सर्जन कम से कम हो। धरती से कार्बन उत्सर्जन को रोकना पदयात्रा का मुख्य मकसद है। कहा कि इस बार विष्णुगढ़ से टाटीझरिया तक पदयात्रा की शुरुआत की गई है। आगे हमलोगों का प्रयास होगा कि इस कारवां में अधिक से अधिक लोगों को शामिल कर इस संदेश को अधिकाधिक लोगों तक प्रसारित कर मुहिम में शामिल करें।