सरकारी महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ तैयार की रणनीति

0
99

7 नवंबर को प्रखंड सह अंचल मुख्यालय के समक्ष दिया जाएगा एकदिवसीय धरना

विष्णुगढ़: विष्णुगढ़ प्रखंड के विभिन्न सरकारी महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अफसरशाही के खिलाफ शुक्रवार को विष्णुगढ़ इंटर कॉलेज छात्रावास मैदान में झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति(जेबीकेएसएस) कार्यकर्ताओं ने बैठक की। इसकी अध्यक्षता पूर्व जिप सदस्य जयप्रकाश सिंह पटेल तथा संचालन सुशील कुमार महतो ने किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय समेत अन्य विभागों में अफसरशाही चरम पर है बिना रिश्वत के जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। आम जनता सरकारी मुलाजिमों से त्रस्त हैं। स्थानीय सांसद-विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी इसमें मौन रहकर भ्रष्टाचार में अफसरों का समर्थन कर रहे हैं। इससे सरकारी मुलाजिमों का मनोबल बढ़ा है।

वहीं,सरकारी मुलाजिम धारा 353 का भय दिखा लोगों को डरा-धमका कर शोषण करने एवं उनका मनोबल तोड़ने में लगे हैं। बैठक के माध्यम से आह्वान किया गया कि विष्णुगढ़ आंदोलन की धरती रही है। बढ़ते भ्रष्टाचार एवं अफसरशाही के खिलाफ पुनः संवैधानिक तरीके से जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि आगामी सात नवंबर को पूर्वाहन 10बजे से प्रखंड सह अंचल मुख्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना देकर अफसरों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने को लेकर आगाह किया जाएगा। इसके बावजूद रवैए में सुधार नहीं हुआ तोआंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना में प्रत्येक पंचायत से अधिक से अधिक युवा एवं महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। इसके लिए प्रत्येक पंचायतों में बैठक कर आंदोलन का प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया गया। बैठक में उपप्रमुख सरयू साव, पूर्वी जिप सदस्य सरयू पटेल, प्रेमचंद महतो,सत्यनारायण महतो, माही पटेल, माही बाबू, राजेन्द्र महतो, भीखन महतो, उमेश मेहता, माधो महतो, दामोदर महतो, प्रीतम महतो, डीलचंद महतो, नारायण महतो, लालधन महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।।